राजगढ़ में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर : 614 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, एक ही छत के नीचे समाधान व योजनाओं की जानकारी मिली

राजगढ़। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर के मेला मैदान में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं समस्या समाधान काउंटर लगाए गए, जहां आमजन, किसान, ग्रामीण, युवा एवं हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का निराकरण किया गया। शिविर में कुल 614 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी, विधायक प्रताप ग्रेवाल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, नगर परिषद अध्यक्ष सवेरा जायसवाल, उपाध्यक्ष दीपक जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, आशीष जैन, नगर परिषद एल्डरमैन सहित पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के पश्चात युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज एवं स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ ने बताया कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान हो सके।

जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी ने बताया कि अभियान की शुरुआत करीब 15 दिन पूर्व की गई थी। इसके तहत प्रत्येक शुक्रवार को कलेक्टर के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम अलग-अलग ब्लॉकों में पहुंचकर निरीक्षण के साथ जनसंवाद, युवा संवाद एवं उद्यम संवाद आयोजित करती है।राजगढ़ शिविर में लाभान्वित 614 हितग्राहियों में जनपद कार्यालय से 231, महिला एवं बाल विकास विभाग से 132, नगर परिषद से 147 तथा शिक्षा विभाग से 27 हितग्राही शामिल हैं। अन्य विभागों के हितग्राहियों को भी योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि जिन आवेदनों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए नियमानुसार फॉलोअप किया जाएगा।

विधायक ने कहा- समस्याओं का निराकरण होना आवश्यक
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना ही जनविश्वास का आधार है। उन्होंने कहा कि केवल शिविर आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्याओं का वास्तविक निराकरण होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन में समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता, जिससे आमजन परेशान होते हैं। ऐसे में इस प्रकार के शिविरों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। विधायक ने क्षेत्र में 113 बिजली टोले में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं होने, करीब 40 विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति तथा राशन वितरण में अनियमितता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं होने से सरकार की छवि प्रभावित होती है और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

किसानों को दी गई तकनीकी जानकारी –
कृषि विभाग के उप संचालक वी. चौरसिया ने किसानों को फार्मर आईडी, अग्रिम खाद उठाव एवं ई-टोकन प्रणाली की जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक एस.एस. चौहान ने संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि फसल एवं मिट्टी के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर दिनभर भीड़ बनी रही। हितग्राहियों ने अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका यथासंभव मौके पर निराकरण किया गया।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

राजगढ़ – हरिराम गेहलोत हत्याकांड पर 2 घंटे प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और परिवार को सुरक्षा की मांग, विधायक ग्रेवाल ने कहा- कहते है कानून के हाथ लंबे फिर पुलिस के हाथ आरोपियों तक क्यों नही पहुंच रहें

Read More »
error: Content is protected !!