राजगढ़। नगर के मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पर बुधवार को सर्व समाज के निशुल्क सामूहिक विवाह समारोह में 23 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। अग्नि कुंड के समक्ष मंत्रोच्चार के बीच नवदम्पत्तियों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने के संकल्प लिए। इस अवसर पर परिजन, संतजन एवं बड़ी संख्या में नगरवासी साक्षी बने।
श्री महावीर गौशाला मंदिर ट्रस्ट एवं संत रविदास समाज ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन की शुरुआत साईं मंदिर से गंगाजल के चल समारोह के साथ हुई। शोभायात्रा साईं मंदिर से प्रारंभ होकर मार्केटिंग सोसायटी ग्राउंड पहुंची, जिसमें वर-वधु पक्ष के परिजनों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विवाह समारोह के दौरान वर-वधु ने अग्नि के समक्ष अपने नाम व गोत्र का उच्चारण किया, इसके पश्चात एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और परिजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में विशेष रूप से उपस्थित पांच धाम एक मुकाम माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज ने कहा कि सर्व समाज के सामूहिक विवाह जैसे आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं। ऐसे आयोजन फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के साथ ही समाज में एकता, समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विवाह संस्कार उज्जैन के आचार्य सुनील जोशी द्वारा मंत्रों के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन समिति के लक्ष्मण डामेचा ने बताया विवाह समारोह के लिए विशेष रूप से वातानुकूलित पंडाल तैयार किया गया था, जहां एक साथ 23 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नगर चौसासी का आयोजन भी किया गया, जिसमें करीब 8 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। साथ ही, इसी स्थल पर पिछले नौ दिनों से चल रही श्रीराम कथा के समापन पर कथा वाचक ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज का समिति द्वारा बहुमान किया गया।


















