कथा में चौथे दिन श्री भारद्वाज ने कहा- प्रशंसा रोक देती है मनुष्य की उन्नति
राजगढ़। नगर के सोसायटी ग्राउंड पर श्री महावीर हनुमान गौशाला मंदिर ट्रस्ट मोहनखेड़ा एवं संत रविदास ट्रस्ट मंडल राजगढ़ द्वारा आयोजित श्रीराम कथा का श्रवण करने बड़ी संख्या में प्रतिदिन श्रद्धालु शामिल हो रहे। कथा श्रवण करने हेतु पहुचने वाले श्रद्धालुओं के लिए वातानुकूलित पंडाल बनाया गया है साथ ही कूलर, ठंडा पानी तथा मौसम अनुसार अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई हैं।
श्रीराम कथा के चौथे दिन कथा का वाचन करते हुए माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम जी भारद्वाज ने कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने बेटे को प्रेम व दुलार करती हैं, उसी प्रकार भगवान नारायण हर जीव से प्रेम करते है तथा उन्हें दुलारते हैं। कथा वाचक भारद्वाज ने कहा कि लोक प्रशंसा अच्छे से अच्छे साधक की समाधि को भंग कर सकती हैं। प्रशंसा बहुत मीठी लगती है लेकिन कोई जब आपकी प्रशंसा करे वैसे ही चौकस हो जाना चाहिए। क्योंकि प्रशंसा आपकी उन्नति को रोक देती हैं। जो आपके सबसे करीब होता है वह कभी आपकी प्रशंसा नही करेगा बल्कि वह आपको हमेशा रोकेगा। रोकने टोकने वाला ही आपका हितेषी है। उसका आदर करना चाहिए।
कल से शुरू होगा श्रीराम नाम जप महायज्ञ –
सोसायटी ग्राउंड पर धार्मिक आयोजनों के तहत कल 8 मई से 12 मई तक श्रीराम नाम जप महायज्ञ प्रातः 8.30 से 11.30 बजे तक होगा। वही 13 मई को सर्व समाज निःशुल्क सामुहिक विवाह सम्मेलन तथा भव्य नगर चौरासी का आयोजन भी संपन्न होगा। वही आयोजन स्थल पर प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी हो रहा है।


















