राजगढ़। नगर व क्षेत्र को भगवान महावीरवीस्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव मंगलवार को बड़े ही उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महोत्सव के तहत अनेक धार्मिक आयोजन हुए।
नगर के मध्य स्थित महावीर जी मंदिर में प्रातः 8:30 बजे सत्तर भेदी पूजन का आयोजन हुआ। उसके पश्चात मंदिर पर ध्वजारोहण हुआ। यह आयोजन आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वरजी महाराज, मुनि श्री पियूषचंद्र विजयजी म.सा एवं मुनि श्री पुष्पेंद्रविजयजी म.सा की निश्रा में हुआ। भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
महावीर जी मंदिर में प्रातः 9:30 बजे भगवान महावीर स्वामी जी का जल, दूध से अभिषेक किया उसके पश्चात, केसर पूजा आरंभ हुई जो दोपहर 3 बजे तक चला। दोपहर 1 बजे महावीर जी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा में चांदी के रथ को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसमें भगवान महावीर स्वामी जी की प्रतिमा विराजित थी। समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक रथ को खींचा। चल समारोह महावीर जी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचा, जहां चल समारोह समापन हुआ। चल समारोह में पुरुष सफेद वस्त्रों में एवं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। महावीर स्वामी की जय के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
वही सकल जैन श्री संघ का ओसवाल धर्मशाला में स्वामीवात्सल्य का आयोजन भी किया गया। नगर के आदिनाथ जी मंदिर, नाकोड़ा मंदिर, शांतिनाथ जी मंदिर एवं हेम कमल मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।


















