सरदारपुर। गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही एक यात्री बस में मंगलवार देर रात करीब 1:10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। हादसा सरदारपुर नगर स्थित भोपावर चौकी के पास हुआ। बस में धुआं उठता देख चालक वाहन को रास्ते पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
धुआं भरते ही बस के अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री मुख्य दरवाजे से बाहर भागे, तो कई यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर कूदना पड़ा। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, वहीं ज्यादातर यात्रियों का कीमती सामान, नगदी व कपड़े जलकर खाक हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, डायवर्ट किया ट्रैफिक –
सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग का एक हिस्सा बंद कराकर यातायात को दूसरी ओर से निकाला। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस क्रमांक UP 83 BT 3947 पूरी तरह जल चुकी थी।
दाहोद में 4 घंटे कराया गया था बस का काम –
यात्रियों ने बताया कि सूरत और गुजरात के अन्य शहरों से रवाना हुई इस बस को दाहोद के पास एक होटल पर करीब चार घंटे रोककर कुछ तकनीकी मरम्मत कराई गई थी। इसके बाद ही बस को आगे के सफर पर रवाना किया गया था।
मां ने खिड़की से फेंका 8 साल का मासूम –
कानपुर निवासी यात्री नीलम पाल ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ गांव जा रही थीं। धुआं भरते ही उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए पहले अपने मासूम बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर खुद बाहर कूदकर जान बचाई। हालांकि, बैग में रखे रुपये, चांदी की पायजेब और कपड़े जल गए।
यात्रियों को आगे की बसों से किया रवाना –
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए इंदौर की ओर जाने वाली अन्य यात्री बसों को रुकवाया और प्रभावित यात्रियों को उनकी आवश्यकता व गंतव्य के अनुसार दूसरी बसों में बैठाकर रवाना करने की व्यवस्था की। साथ ही कई यात्रियों को राजगढ़ में ठहराया गया।
सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थे। फायर ब्रिगेड के माध्यम से आग पर काबू पाया गया। बस में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित उनके स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई। मामले की जांच की जा रही है, बस चालक फरार हैं।



















