सरदारपुर। ग्राम भाटियाबर्डी में शासकीय उचित मूल्य की दुकान से ग्राम भाटियाबर्डी, अम्बेडी, लालपुरा, टिकमाझिरी, सुहाना ग्रामीणो को खाद्यान्न नहीं मिलने की ग्रामीणो द्वारा सुचना मिलने के बाद विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी।
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सेल्समैन द्वारा थम्ब मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन की पर्ची तो निकाल दी जाती थी, लेकिन वास्तविक रूप से राशन नहीं दिया जाता था। ग्रामीणों के अनुसार कई पात्र परिवारों को विगत 6 माह से खाद्यान्न नहीं मिला।
राशन में इस तरह की लापरवाही और कथित अनियमितता सामने आने पर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए ग्राम पंचायत भाटियाबर्डी के सरपंच कमल भूरिया, उपसरपंच हडु गामड, हल्का पटवारी सहित पंचगणो एवं ग्रामीणो की उपस्थिति मे मौंका पंचनामा बनाया और सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी आशीष जोशी को पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ग्रेवाल ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के पेट का राशन किसी की जागीर नहीं है। सेल्समेन द्वारा थम्ब मशीन पर अंगूठा लगवाकर पर्ची दी जा रही थी और राशन नही दिया जा रहा था यह बेहद गंभीर मामला है। पात्र हितग्राहियों के हक का एक-एक किलो राशन उन्हें मिलना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, कालाबाजारी या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छह माह से राशन से वंचित ग्रामीणों की तत्काल पात्रता एवं वितरण रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें उनका खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
ग्रामीणों ने विधायक ग्रेवाल के समक्ष अपनी परेशानी रखते हुए बताया कि लंबे समय से राशन नहीं मिलने के कारण गरीब परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके हक और अधिकार की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी और किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण भीमालाल चौधरी, मुकेश गामड, अखिलेश निनामा, वागु वसुनिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।



















