नरेंद्र पँवार @ दसई। पिछले कुछ माह से ग्राम दसई के आसपास क्षेत्रों में चोरो द्वारा विद्युत ट्रांसफार्मरों से आईल चोरी एवं विद्युत तार की चोरिया हो रही थी। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं।
दसई चौकी प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि धार सचिन शर्मा के निर्देशन में व एएसपी पारूल बेलापुरकर, एएसपी विजय डावर व एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में व थाना प्रभारी अमझेरा राजू मकवाना के नेतृत्व में पुलिस टीम को सफलता मिली हैं।
पुलिस टीम को मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई थी कि लौहारी रोड पर तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़े होकर चोरी के संबंध में आपस में कुछ बाते कर रहे है। मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुँचे तो पुलिस टीम को देखकर वह लोग भागने लगे जिन्हें बमुश्किल पकडकर चौकी पर लाया गया। जिनके नाम पते पूछते उन्होंने अपने नाम कृष्णा पिता नरसिंह मुनिया जाति भील उम्र 32 साल निवासी ग्राम लौहारी, सुनील पिता सोहन डामर जाति भील उम्र 25 साल निवासी ग्राम जौलाना व गोलू पिता कमल मचार जाति भील उम्र 20 साल निवासी जौलाना का रहना बताया। काफी पूछताछ करते उनके द्वारा बताया गया कि हम तीनों और हमारे साथी करण पिता नाहरसिंह भूरिया निवासी ग्राम जौलाना व धर्मेन्द्र उर्फ झितरिया निवासी ग्राम खुटपला ने मिलकर कृष्णा मुनिया की टवेरा गाडी क्रमांक MP 28 BD 0855 से दसई-लौहारी रोड पर स्थित 3 विद्युत ट्रांसफार्मरों (डीपी) से आईल चुराया था। उसके बाद करीब 3 महीने पहले ग्राम दंतोली में स्थित 3 ट्रांसफार्मरों से, करीब 02 महीने पहले दसई-लौहारी रोड से कुल 6 ट्रांसफार्मरों से आईल और करीब एक महीने पहले ग्राम पाना काकड से करीब ढेड़ किमी के तार की चोरी हम लोगो ने मिलकर की थी।
ग्राम दसई-लोहारी रोड पर और ग्राम दंतोली से जिन ट्रांसफार्मरों का आईल चोरी किया था जिसे हमने देपालपुर के लखन पिता पप्पू केवट को जो कि भंगार खरीदने का काम करता है उसे बेच दिया है। आरोपीगण को गिरफ्तार कर आरोपीगण से घटना में प्रयुक्त टवेरा गाडी क्रमांक MP 28 BD 0855 व चुराया गया मश्रुका 70 KG तार व 50 लीटर ट्रांसफार्मर का आईल जप्त किया गया है। आरोपीगण से कुल 5 लाख 32 हजार रूपये का मश्रुका जप्त किया गया है। उक्त कार्यवाही में प्रधान आरक्षक मन्नुसिंह भूरिया, दिनेश यादव, अब्दुल रऊफ खान, आरक्षक मेहरबानसिंह गुर्जर व रमेश भोसले, महेश सीरवी तथा सायबर शाखा धार के आरक्षक प्रशांतसिंह का योगदान रहा।


















