राजगढ़। नगर की डायमंड कॉलोनी में मकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया हैं। आरोपी पति-पत्नी ने मकान के नाम पर एक अन्य व्यक्ति से भी रुपये ऐंठ लिए तथा रातों-रात राजगढ़ छोड़कर फरार हो गए। मामले में राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी पति पत्नी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
राजगढ़ थाना पुलिस को फरियादी संतोष पिता जगदीश मारू निवासी पटेल कॉलोनी सरदारपुर द्वारा दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि आरोपी स्मिता पति लक्ष्मीनारायण पाटीदार व लक्ष्मीनारायण पिता भेरुलाल पाटीदार निवासी चन्द्रशेखर मार्ग वार्ड क्रमांक 5 राजगढ़ से राजगढ़ की डायमंड कॉलोनी में निर्मित मकान 31 लाख रुपये में 19 दिसंबर 2025 को खरीदा तथा सौदे के 29 लाख रुपये विभिन्न साक्षियों के समक्ष नगद, आरटीजीएस व फ़ोनपे के माध्यम से आरोपियो को दिए तथा शेष 2 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई। जब फरियादी संतोष ने आरोपी पति-पत्नी को रजिस्ट्री करवाने का कहा तो आरोपियो ने कहा कि रजिस्ट्री करवाने की इतनी जल्दी क्या हैं। जिंसके बाद आरोपी रजिस्ट्री करवाने की बात कर आनाकानी करते रहें।
रातों-रात राजगढ़ छोड़कर भागे आरोपी पति-पत्नी –
फरियादी संतोष के अनुसार उसने 17 अप्रैल को सुबह जब आरोपी लक्ष्मीनारायण को फोन किया तो उसका नम्बर बन्द आया। फरियादी संतोष जब आरोपियो के किराए के मकान पर पहुंचा तो मकान खाली था तथा आसपास के लोगों से पता चला कि दोनों पति-पत्नी रात में ही अपना सभी सामान लेकर मकान खाली कर चले गए। फरियादी के अनुसार दोनों ही पति-पत्नी का मोबाइल तब से ही बंद आ रहा हैं।
फरियादी संतोष ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे बाद में यह बात पता चली की जिस मकान को उसने 31 लाख में खरीदा और 29 लाख रुपये दे दिए हैं। वह मकान आरोपी पति-पत्नी ने सेमलिया निवासी एक व्यक्ति को बतौर सिक्योरिटी बता कर 58 लाख रुपये उधार लेकर उधारी का एग्रीमेंट मकान पेटे कर रखा हैं। फरियादी संतोष ने पुलिस को बताया कि आरोपी स्मिता और लक्ष्मीनारायण ने उसे विश्वास में लेकर षड्यंत्र रच कर छल व बेईमानी पूर्वक मकान बेचने के सौदे के नाम पर 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी की हैं। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि फरियादी द्वारा एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन की जांच के बाद आरोपी पति-पत्नी के विरुद्ध प्रकरण कर लिया हैं। दोनों ही आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई हैं।


















