राजगढ़। तेजा दशमी पर्व के अवसर पर सोमवार को नगर में क्षत्रिय राजपूत समाज की ओर से श्रद्धा और उल्लास के साथ निशान यात्रा निकाली गई। भानगढ़ रोड स्थित तेजाजी मंदिर से शुरू हुई यात्रा में समाजजनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान भक्ति गीतों और ढोल की थाप से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
चल समारोह में युवाओं ने धर्मध्वजा और निशान थामकर सहभागिता की। निमाड़ी ढोल की गूंज के बीच युवाओं ने जमकर नृत्य किया। वहीं भक्ति गीतों पर महिलाओं और युवतियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की। समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। महिलाओं ने चुनरी और साड़ी पहनकर यात्रा में हिस्सा लिया। इससे चल समारोह में राजस्थानी और मालवी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

यात्रा में तेजाजी, महादेव ओर सांवरिया सेठ की आकर्षक झांकी भी शामिल रही, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों और श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। मन्नतधारी भी निशान लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्य मार्गों से होते हुए चल समारोह वापस तेजाजी मंदिर परिसर पहुंचा।
मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से तेजाजी महाराज का पूजन-अर्चन किया गया। मन्नतधारियों ने निशान अर्पित किए। तेजा दशमी के अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन-वंदन के लिए पहुंचे। पर्व को लेकर नगर सहित क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।


















