रिंगनोद – नयापुरा माध्यमिक विद्यालय में गिरा जर्जर किचन शेड, छात्र के सिर और पैर में आई चोट, लापरवाही या हादसा..?

रिंगनोद। संकुल रिंगनोद के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय नयापुरा में बुधवार को जर्जर किचन शेड की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कक्षा आठवीं का 13 वर्षीय छात्र बंटी पिता प्रताप रावत निवासी अंजनमाल घायल हो गया। उसके सिर और पैर में चोट आई है। घटना के समय उसके साथ अन्य छात्र भी मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। समय रहते बच्चे वहां से हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि यह जांच का विषय बना हुआ हैं कि छात्र वहां कैसे पहुंचे।

हादसे के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए सरदारपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद विद्यालय परिसर में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से जर्जर भवन मौजूद हैं, जिनकी मरम्मत या हटाने की दिशा में समय पर कार्रवाई नहीं की गई। घायल छात्र के काका राजू रावत सहित ग्रामीणों ने पूरे विद्यालय परिसर का सर्वे कर जर्जर भवनों को तत्काल हटाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की है।

निरीक्षण कर जर्जर भवन हटाए जाएंगे –
सरदारपुर बीईओ विष्णु रघुवंशी ने बताया कि घटना की सूचना मिल चुकी है। विद्यालय का जल्द निरीक्षण कराया जाएगा। यदि परिसर में अन्य जर्जर भवन पाए जाते हैं तो उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी।
वही बीआरसी सरदारपुर बीआरसी महेंद्र सोलंकी ने बताया कि घायल छात्र बंटी रावत का उपचार जारी है। स्वयं अस्पताल पहुंचकर छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ले चुके हैं और परिजनों से भी चर्चा की है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!