रिंगनोद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रिंगनोद पुलिस चौकी परिसर में शुक्रवार शाम शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक को संबोधित करते हुए तहसीलदार प्रशस्ति सिंह जमरा ने कहा कि आगामी नवरात्रि और दशहरा सहित सभी पर्व आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाएं। आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था हम सबकी प्राथमिकता हैं।
सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव ने नवरात्रि उत्सव समितियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गरबा और अन्य आयोजनों के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि डीजे व साउंड सिस्टम की ध्वनि निर्धारित सीमा में रहे ताकि आमजन को परेशानी न हो। साथ ही, आयोजन स्थलों पर रात्रि के समय समिति के वॉलंटियर्स अनिवार्य रूप से सक्रिय रहें।

चौकी प्रभारी रमेशचंद्र डामोर ने कहा कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और जनता दोनों की साझी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से पर्वों को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। बैठक के दौरान नागरिकों ने स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


















