राजगढ़। विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से लक्ष्य सेंट्रल स्कूल राजगढ़ में मध्यप्रदेश पुलिस के ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार एवं राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय प्राचार्य अर्जुन जाट ने एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि थाना प्रभारी समीर पाटीदार का स्वागत नरेन्द्र सिंह चौहान ने किया।
कार्यक्रम में एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध वीडियो, फर्जी कॉल, ओटीपी अथवा सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालच एवं सहायता संबंधी संदेशों पर बिना पुष्टि के विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक एवं सुरक्षित उपयोग करने का आह्वान किया।

वही थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार फिशिंग, फर्जी लिंक, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया हैकिंग तथा बैंकिंग फ्रॉड जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो जाए तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराना चाहिए, जिससे समय रहते राशि को सुरक्षित रखने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि आधुनिक तकनीकों एवं साइबर जांच के माध्यम से साइबर अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने, किसी के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सीमित रखने की सलाह दी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं तथा उन्हें ऑनलाइन अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिमा जैन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


















