सरदारपुर। ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में सोमवार-मंगलवार दरमियान रात मिर्ची व्यापारी के घर में लूट की नीयत से घुसे बदमाशों ने व्यापारी कि हत्या कर दी। साथ ही लाखो रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद एक और क्षेत्र में सनसनी फैली हुई हैं तो वही दूसरी और पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस द्वारा खंगाले जा रहें हैं।
मृतक व्यापारी देवकृष्ण पिता लक्ष्मण पुरोहित उम्र 30 साल का मंगलवार दोपहर में सिविल अस्पताल में पीएम के बाद शव परिजनों को सौपा गया। जैसे ही मृतक देवकृष्ण का शव घर पहुंचा वैसे ही हर किसी की आंख नम हो गई। गांव में ही मुक्तिधाम पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण –
राजोद थाना पुलिस ने मृतक व्यापारी की पत्नी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। फरियादिया ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर में पति देवकृष्ण, सास लक्ष्मीबाई व मेरी ननंद ज्योति के साथ रहती है। बीती रात्रि घर के अन्दर बाडे तरफ का दरवाजा खुला था। रात्रि करीबन 01.30 बजे दोनों पति- पत्नी सो रहे थे। तभी घर के अंदर तीन अज्ञात बदमाश आए व बोले चुपचाप रहो, बोलना मत नही तो जान से मार देंगे। कहकर फरियादिया व उसके पति के मुंह में कपडा बांध दीया। फरियादिया के अनुसार बदमाशों ने कहा कि घर में क्या-क्या सामान रखा है बताओ नहीं तो मार देंगे कहकर लात घुसो से मारपीट कर बाल पकड कर घर के अंदर वाले कमरे में ले गए और पैसे और रकम निकालने की बात कही। जिस पर फरियादिया ने अलमारी में रखे आभूषण बता दिए। जिंसके बाद बदमाशों ने फरियादिया के हाथ पैर मुंह बांध दिया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व 50 हजार रुपये ले गए तथा फरियादिया की सास की अलमारी से भी आभूषण के साथ ही फरियादिया का पहना हुआ सोने का कांटा और सोने की नथ निकाल ले गए।
फरियादिया ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने पति देवकृष्ण पर धारदार हथियार से सिर में मारा है जिससे सिर में गम्भीर चोट लगी पति को बेहोशी की हालत में सरदारपुर अस्पताल ले गए। जहां पति देवकृष्ण की मौत हो गई। फरियादिया के अनुसार उसने पड़ोसी को आवाज लगाई। पड़ोसी ने रात करीब 2 बजे मोबाइल से घटना सास लक्ष्मीबाई व ननंद ज्योति को बताई। जिंसके बाद ननंद ज्योति ने हाथ पैर छुड़ाए।
SP ने किया घटना स्थल का निरीक्षण, विधायक भी पहुंचे –
घटना की जानकारी मिलते ही रात को ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार व राजोद थाना प्रभारी रामसिंह राठौर पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। वही एएसपी पारुल बेलापुरकर भी ग्राम गोंदीखेड़ा चारण पहुंची। पुलिस ने एफएसएल के साथ ही डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। वही मंगलवार सुबह एसपी मयंक अवस्थी घटना स्थल पहुंचे व मामले की सुक्ष्मता से जांच की। घटना स्थल पर पहुंचे विधायक प्रताप ग्रेवाल ने एसपी अवस्थी से चर्चा कर जल्द ही बदमाशों को पकड़ने की बात कही।
डॉक्टर ने कहा- खून अधिक बहने से हुई मौत –
मृतक देवकृष्ण पुरोहित के शव का पीएम सिविल सरदारपुर में किया। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर सचिन द्विवेदी ने बताया कि मृतक के सिर में अधिक चोट थी तथा अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हुई हैं। विस्तृत जांच के लिए विसरा भेजा गया हैं। इधर, पुलिस इस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से बच रही हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस कल संभवतः इस मामले का खुलासा कर सकती हैं।


















