सरदारपुर। धार जिले की डाक विभाग की शाखाओं में कर्मचारियों के द्वारा की जा रही धोखाधडी के प्रकरण लगातार सामने आ रहे हैं, पिछले 8 महीनों में धार मुख्य ब्रांच और निसरपुर के बाद अब सरदारपुर तहसील की भोपावर शाखा में गबन का बड़ा मामला सामने आया है
यहां तेलंगाना निवासी शाखा डाकपाल उपभोक्ताओं की गाढ़ी कमाई के 1 लाख 11 हजार रुपए लेकर फरार हो गया है। राहत की बात यह हैं, कि डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन मामलों को लेकर सतर्क हैं। विभाग द्वारा की गई आंतरिक जांच और ऑडिट के दौरान ही वित्तीय अनियमितताएं पकड़ में आईं। विभागीय जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी शाखा डाकपाल ने पद का दुरुपयोग करते हुए राशि का गबन किया है। गड़बड़ी उजागर होते ही विभाग ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इस ताजा घटनाक्रम ने डाक विभाग की भर्ती प्रक्रिया और सत्यापन प्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
सरदारपुर पुलिस ने डाक विभाग की शिकायत पर आरोपी डाकपाल के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है और तेलंगाना पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।
दरअसल इंदौर डाक विभाग द्वारा एक पत्र सरदारपुर पुलिस को सौंपा है। उप संभागीय निरीक्षक मुकेश बोदडे ने पुलिस को बताया कि अनुसार 28 अक्टूंबर 2025 को डाक पाल सरदारपुर द्वारा सूचित किया गया कि भोपावर शाखा डाक घर द्वारा 24 अक्टूंबर से ही शाखा डाक घर भोपावर के डेली अकाउन्ट लेखा कार्यालय में नही भेजे जा रहे है। साथ ही बीपीएम (शाखा डाक पाल) बिना सुचना के अनुपस्थित है। डाक अधीक्षक अजय भाबर सूचना पर गांव भोपावर पहुंचे, जहां शाखा पर ताला लगा हुआ था। अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि पिछले आठ दिनों से शाखा बंद है। ऐसे में अधीक्षक ने उपसरपंच सहित ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर शाखा का ताला खोला व तलाशी शुरु की।
अलमारी एव पेटी में किसी भी प्रकार की कोई नगदी/स्टाम्प नही पाए गए। लेखा कार्यालय में उपलब्ध बीओ डेली अकाउन्ट की जाँच करने पर पाया गया कि आरोपी सुमन द्वारा दिनाँक 18 अक्टूंबर से 22 अक्टूंबर तक विभिन्न आईपीपीबी (इंडिया पोस्ट पैमेन्ट बैक) खातो में राशि जमा कर शाखा डाक घर का नगदी इतिशेष बढाया। किन्तु सिमा से अधिक नगदी लेखा कार्यालय में नही जमा की गई। वहीं जांच में यह भी बात सामने आई कि चार दिनों का बीओ डेली अकान्ट भी लेखा कार्यालय मे प्रेषित नही किया। बिना अनुमति अनाधिकृत रूप से शासकीय राशि 1 लाख 11 हजार 804/- रूपये लेकर अपने स्वयं के निजी हित में उपयोग कर लिए। पुलिस ने बीपीएम वैदित्य सुमन पिता वैदित्य रावन उम्र 18 साल निवासी नारायणखेड जिला मेडक तेलगाना के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।


















