राजगढ़। थाना राजगढ़ पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर दत्तीगांव ग्रिड के पास दुर्घटनाग्रस्त मिली एक कार से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 240 बल्क लीटर शराब के साथ करीब 5 लाख रुपए की कार जब्त की है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर के निर्देशन तथा एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 12-13 मई की रात स्थानीय पुलिस को दत्तीगांव ग्रिड के पास एक कार दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए गश्त पर मौजूद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर इंदौर-अहमदाबाद हाईवे स्थित ग्राम दत्तीगांव के पास पावर ग्रिड के समीप मारुति सुजुकी कंपनी की बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई।
पुलिस ने कार से 14 पेटी माउंट बियर (168 बल्क लीटर) एवं 8 पेटी लंदन प्राइड (72 बल्क लीटर) सहित कुल 240 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.14 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ ही करीब 5 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की गई है।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि कार बिना नंबर की होने के कारण पुलिस इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक एवं आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 36 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में सउनि सुनील राजपूत, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा, नीरज मिश्रा, आरक्षक दिलीप डुडवे, अमित तथा चालक जगदीश कछावा की सराहनीय भूमिका रही।


















