राजगढ़ – माताजी मंदिर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का समापन श्रद्धापूर्वक हुआ समापन, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने महाराज श्री का किया बहुमान

राजगढ़। नगर के अति प्राचीन पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा का समापन शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक चलने वाली इस कथा का वाचन ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज के मुखारविंद से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ प्राप्त किया।

कथा के विश्राम दिवस पर श्री भारद्वाज ने भगवान श्री कृष्ण और सुदामा के अटूट प्रेम और सच्ची मित्रता के प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कृष्ण और सुदामा की मित्रता केवल सांसारिक संबंध नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव का प्रतीक है। दोनों के बीच न तो गरीबी-अमीरी का भेद था और न ही किसी प्रकार का अहंकार। सुदामा की दरिद्रता के बावजूद भगवान कृष्ण ने उन्हें उसी प्रेम और सम्मान से अपनाया, जैसे बचपन में गुरुकुल के दिनों में अपनाया करते थे।

श्री भारद्वाज ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि सच्ची मित्रता वही होती है जिसमें स्वार्थ का कोई स्थान न हो। मित्रता में न बड़ा देखा जाता है, न छोटा बल्कि हृदय की पवित्रता और भावनाओं की सच्चाई ही उसका आधार होती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां रिश्ते स्वार्थ पर आधारित होते जा रहे हैं, वहीं कृष्ण-सुदामा की मित्रता हमें निस्वार्थ प्रेम, समर्पण और विश्वास की सीख देती है। यदि जीवन में ऐसे संबंध स्थापित हो जाएं, तो व्यक्ति के भीतर के सभी मनभेद स्वतः समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मनुष्य को अपने हृदय में कभी भी द्वेष, ईर्ष्या या अहंकार नहीं रखना चाहिए। सच्चा प्रेम और सच्ची मित्रता वही है, जो हर परिस्थिति में साथ निभाए और बिना कहे एक-दूसरे की भावनाओं को समझे।


कथा के विश्राम अवसर पर नगर की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा कथावाचक ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज का बहुमान किया गया। इसके पश्चात आरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। कथा के समापन के बाद उपस्थित महिलाओं ने भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर इस सात दिवसीय कथा का श्रवण किया।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!