रिंगनोद। ग्राम गुमानपुरा में स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कैलाश चंद वसुनिया (सहायक शिक्षक) के सेवानिवृत्ति अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी विष्णु रघुवंशी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में खण्ड स्त्रोत समन्वयक महेंद्र सोलंकी उपस्थित रहे। तथा विशिष्ट अतिथि संकुल प्राचार्य सोना मौर्य, ग्राम पंचायत गुमानपुरा सरपंच प्रतिनिधि पूनमचंद वास्केल, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के सुनील कुमार संचेती, अबरार खान एवं सरफराज कुरैशी, विद्यालय के पूर्व छात्र व राजगढ़ प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश प्रजापति सहित अन्य उपस्थित रहे।
समारोह में अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा श्री कैलाश चंद वसुनिया का पुष्पमालाओं, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षक वसुनिया के लगभग चार दशकों के समर्पित सेवाकाल, अनुशासनप्रियता, कर्तव्यनिष्ठा, सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व तथा विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण की से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य एवं आदर्श व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। अपने उद्बोधन में शिक्षक कैलाशचंद वसुनिया ने विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग, सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया तथा विद्यार्थियों को जीवन में सदैव ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अतीक कुरैशी ने किया तथा आभार शिक्षक अभिषेक पँवार ने व्यक्त किया।


















