नरेंद्र पँवार @ दसाई। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित सहायक कुलसचिव परीक्षा-2025 में धार जिले की बेटी दिव्यांशी परमार ने अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 15 सितंबर को घोषित हुए परीक्षा परिणामों में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक कुलसचिव के पद पर उनका चयन हुआ है।
मूलतः ग्राम दसाई निवासी हाल मुकाम दीनदयालपुरम, धार दिव्यांशी शासकीय माध्यमिक शिक्षक व संकुल केंद्र दसाई के समन्वयक धर्मेंद्र परमार एवं किरण परमार की बेटी हैं। दिव्यांशी ने अपनी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की शिक्षा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, धार से अंग्रेजी माध्यम में पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए इंदौर का रुख किया, जहां उन्होंने अपने नानाजी स्व. रामसिंह जी झालरिया के घर रहकर पढ़ाई जारी रखी।
माता-पिता के संघर्षों से प्रेरणा लेकर दिव्यांशी ने शुरू से ही राज्य प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। वे वर्ष 2024 से लगातार राज्य सेवा की मुख्य परीक्षाओं में शामिल होती रहीं। कठिन परिश्रम, परिवार के मार्गदर्शन और दोस्तों के सहयोग के बल पर उन्होंने मई 2026 में आयोजित लिखित परीक्षा और अगस्त 2026 में संपन्न हुए साक्षात्कार को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर यह मुकाम हासिल किया।
दिव्यांशी की इस उपलब्धि पर ग्राम दसाई सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों में हर्ष की लहर है।


















