सरदारपुर। भारतीय किसान संघ ने मंगलवार को क्षेत्र के किसानों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय में तहसीलदार प्रशस्ति सिंह को अपना वार्षिक ज्ञापन सौंपा।
किसान संघ ने अपने ज्ञापन में किसान हितैषी विभिन्न मांगे रखी। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने सभी फसलों का लागत मूल्य तय कर किसानों को लाभकारी मूल्य दिए जाने, कृषि आदानों और कृषि यंत्रों से जीएसटी पूर्णतः समाप्त की जाए अथवा यंत्रों, कीटनाशक दवाओं व बीजों पर न्यूनतम दर लागू करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में दावा राशि भुगतान की पारदर्शिता तय की जाए तथा केला और मिर्च की फसलों को भी इस योजना में शामिल किए जाने, कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक मानक परीक्षण, डॉकेज टेस्टिंग व ग्रेडिंग मशीनें लगाई जाने के साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली की तौल के लिए 10 टन क्षमता वाले बड़े धर्मकांटे की व्यवस्था करने, समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीद हेतु पंजीयन प्रक्रिया तुरंत शुरू करने, मुद्रा लोन की तर्ज पर किसानों को तत्काल कृषि ऋण मिलने व भूमि अधिग्रहण कानून के तहत केवल राष्ट्रीय महत्व व विकास परियोजनाओं के लिए ही जमीन अधिग्रहित करने तथा कृषि उत्पादों की आयात-निर्यात नीति किसान हित में बनाई जाने सहित विभिन्न मांगे रखी।
ज्ञापन का वाचन तहसील अध्यक्ष दिनेश पाटीदार ने किया। इस दौरान संघ के सचिव रूपचंद कुमावत, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण राठौड़, हेमा पायल, ब्लॉक उपाध्यक्ष शंकर लाल, ब्लॉक सदस्य अनोखीलाल पाटीदार, जिला सदस्य पुकार चौधरी, ब्लॉक सदस्य मुन्नालाल चौधरी, रमेश पाटीदार, संतोष पाटीदार, भंवर सिंह, सुनील पाटीदार और गोकुल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


















