रिंगनोद। हिंदू उत्सव समिति एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा व ग्रामोत्सव कार्यक्रम रिंगनोद में गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। पर्व के एक दिन पूर्व 18 मार्च को प्रकट उत्सव कार्यक्रम शारीरिक प्रदर्शन स्वयंसेवको द्वारा नागेश्वरी माता मंदिर परिसर में किया गया। दूसरे दिन 19 मार्च को हिंदु नववर्ष गुड़ी पड़वा के दिन सुबह 6 बजे नगर के विभिन्न मंदिरों में रांगोली व भगवा ध्वज लगाकर सामूहिक रूप से सूर्य को अर्ध्य दिया गया व आतिशबाजी की गई व मंदिरो में नीम की पत्ती व मिश्री की प्रसादी का वितरण किया गया।
मां-बेटी सम्मेलन हुआ आयोजित –
ग्रामोत्सव कार्यक्रम के तहत गुरुवार को दोपहर 3 बजे योगमाया धर्मशाला में मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धर्म जागरण प्रांत मातृशक्ति प्रमुख प्रो. अर्चना कर्णावट ने उपस्थित मां- बेटी को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति माताओं को जागरूक बनना होगा। उन्होंने बेटियों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने ने एवं मां बेटी के बीच के रिश्ते को मजबूत करने पर जोर दिया। सम्मेलन में स्वागत भाषण बसंती रामचन्द्र यादव ने दिया। संचालन पिंकी वैष्णव एवं भारती यादव द्वारा किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल हुए।
निकाली भव्य शोभायात्रा –
ग्रामोत्सव के तहत विभिन्न आयोजन हुए। रिंगनोद के योगमाया धर्मशाला से गुरुवार शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नागेश्वरी माता मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शोभायात्रा के समापन के पश्चात माँ नागेश्वरी 56 भोग लगाकर महा आरती की गई। वही महाप्रसादी का वितरण कर विशाल नगर सहभोज का आयोजन हुआ। जिसमें पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी का लाभ लिया। ग्रामोत्सव के दिन नगर के सभी मंदिरों को रांगोली व आम पत्तों से सजावट की गई। साथ ही हर घर वंदनवार और भगवा ध्वज के साथ शाम को पांच-पांच दीपक सभी ने अपने घरों पर लगाए।


















