राजगढ़। सड़क पर बढ़ते हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। ताकि लोगों की जिंदगी को सुरक्षित रखा जा सके। इसी कड़ी में राजगढ़ पुलिस ने ग्राम कंजरोटा में राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अस्थाई व्यवस्था के तहत दो स्थानों पर ड्रम लगाकर जिगजैग बनाए हैं।
यह व्यवस्था ग्राम कंजरोटा के दोनों ओर बनाई गई है, ताकि मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की गति स्वतः नियंत्रित हो सके और तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस का मानना है कि जिगजैग व्यवस्था से वाहन चालकों को गति कम करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिससे हादसों में कमी आएगी।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि ग्राम कंजरोटा क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए फिलहाल अस्थाई तौर पर ड्रम के माध्यम से जिगजैग व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य वाहनों की रफ्तार कम करना और दुर्घटनाओं को रोकना है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाओं पर स्थायी नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव में ग्राम कंजरोटा में बने स्पीड ब्रेकर और रंबल स्पीड को दुरुस्त करने की मांग की गई है, ताकि यहां से गुजरने वाले खाली डंपर और अन्य भारी वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
गौरतलब है कि 3 फरवरी की रात ग्राम कंजरोटा में साइकिल सवार एक बुजुर्ग को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर चक्काजाम कर पुलिस से हादसों पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की थी। ग्रामीणों की मांग के बाद राजगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिलहाल अस्थाई व्यवस्था के रूप में दो स्थानों पर जिगजैग बनाकर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की पहल की है।



















