राजगढ़। नगर में रंग पंचमी का पर्व उल्लास और परंपरागत रंगों के साथ मनाया गया। सुबह से ही गली-मोहल्लों में बच्चों की टोलियां हाथों में रंगों की थैलियां और पिचकारियां लिए दौड़ती नजर आईं। पिचकारियों से उड़ते रंगों और पानी की बौछारों ने पूरे वातावरण को रंगमय बना दिया।
बच्चों की उमंग के साथ ही महिला और पुरुष वर्ग में भी उत्साह चरम पर दिखाई दिया। महिलाओं ने समूह बनाकर रंग पंचमी का आनंद लिया, वहीं पुरुषों ने भी एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां बांटी। रंगपंचमी पर्व के चलते राजगढ़ के बाजार दोपहर बाद करीब 4 बजे तक बंद रहे, इसके बाद बाजारों में रौनक और भीड़ देखने को मिली।

रंग पंचमी पर हर कोई रंगो में सराबोर होकर होली खेलता हुआ नजर आया। युवाओं की टोली एक दूसरे पर सूखा रंग डालते हुए नजर आया।
रंग पंचमी के अवसर पर सनातन धर्म समाज द्वारा राधा-कृष्ण भव्य भाग यात्रा निकाली गई। यह यात्रा माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान सूखे रंगों का उपयोग किया गया।
नगर परिषद ने निकाली रंगारंग गैर-
नगर परिषद द्वारा परंपरागत पानी की बौछार वाली रंगारंग गैर भी निकाली गई। जो पालिका निधि परिसर से प्रारंभ हुई। जिसमे नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश जायसवान ने गैर यात्रा के दौरान नगरवासियों का अभिनंदन किया, जबकि उपाध्यक्ष दीपक जैन ने पानी की बौछार कर रंगों का संदेश दिया। यात्रा में नगर परिषद के पार्षदगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। डीजे की धुनों पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। रंग-बिरंगे पानी की उड़ती बौछारों का युवाओं ने जमकर आंनद लिया।

वही पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। नगर में शांति और सौहार्द बना रहे, इसके लिए हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रही तथा प्रत्येक चौराहे पर पुलिसबल तैनात रहा।


















