नरेंद्र पँवार @ दसाई। मध्य प्रदेश शासन की गोपालन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग, विकासखंड सरदारपुर द्वारा ग्राम दसाई की वृंदावन गोशाला में 30 व 31 अक्टूबर को दो दिवसीय उत्कृष्ट गोपालक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का परिणाम तीन समय के दुग्ध उत्पादन के आधार पर तय किया गया, जिसमें कुल 10 गोपालकों की दुधारू गायों ने भाग लिया। जिसमें प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये कमलेश पाटीदार, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये कन्हैयालाल पाटीदार, तृतीय पुरस्कार 25 हजार राधेश्याम पाटीदार को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा गोमाता के विधिवत पूजन के साथ हुई। समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ तथा विशेष अतिथि एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार रहे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच कन्हैयालाल परमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय दीक्षित, गोशाला अध्यक्ष अशोक सिंह रघुवंशी, मुकेश केवलजीवाला, बद्रीलाल पाटीदार, दिनेश पटेल, प्रकाश पाटीदार, सुरेश पाटीदार, रामनारायण पाटीदार, राजेश भूत, दिनेश पाटीदार, डॉ. विक्रम बामनिया, अशोक मालवीय, हेमराज कटारा, राहुल टेलर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व पशुपालक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप गामड़ ने किया एवं आभार कुंदन वर्मा ने व्यक्त किया।


















