पेटलावद। अखिल भारतीय सिर्वी महासभा की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन पेटलावद स्थित श्री आईमाता मंदिर प्रांगण में प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत व महासचिव देवेन्द्र सतपुड़ा के मार्गदर्शन में में संपन्न हुई। कार्यक्रम में समुदाय के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं नारी शक्ति की उपस्थिति रही।
सभा में प्रांतीय महिला संगठन अध्यक्षा ललिता पंवार व सोनू शंकर बर्फा की संस्तुति एवं सर्वसम्मति से कविता मोहन परमार को जिला अध्यक्ष पद का अहम दायित्व सौंपा गया। इस मौके पर जिले की महिला इकाई के विभिन्न पदों पर भी नवीन नियुक्तियां कर समाज को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए गए।
नवीन मनोनयन में दुर्गा देवी पंडियार को प्रदेश उपाध्यक्षा, फूलबाई डूंगरचंद को जिला महासचिव, गुढ़ी गोपाल मुलेवा को पेटलावद जिला उपाध्यक्षा, मीना शंकरलाल लठ्ठा को झकनावदा तहसील अध्यक्षा तथा प्यारी प्रकाश लठ्ठा को तहसील उपाध्यक्षा पद पर मनोनीत किया गया।
नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष कविता मोहन परमार ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ निभाएंगी। समाज कल्याण एवं लोकहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का भरसक प्रयत्न करेंगी। उन्होंने सभी वरिष्ठजनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए माँ आईजी के चरणों में नमन किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समाजबंधुओं एवं पदाधिकारियों ने नव गठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभा सिर्वी समुदाय के संगठनात्मक विस्तार और एकता का सशक्त संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।













