झाबुआ। बाजार में इन दिनों एक नई समस्या सामने आ रही है। ₹5 और ₹10 के सिक्के जैसे अचानक गायब हो गए हैं। किराना, मेडिकल, चाय-नाश्ता और अन्य दुकानों पर ग्राहकों को छुट्टे पैसे लौटाना मुश्किल हो रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि पहले हर दिन पर्याप्त सिक्के मिल जाते थे, लेकिन अब बैंक और बाजार दोनों जगह सिक्कों की कमी महसूस हो रही है। कई बार ग्राहकों को छुट्टे की जगह टॉफी या अन्य सामान देना पड़ता है, जिससे बहस की स्थिति भी बन जाती है।
लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं कि सिक्के घरों में जमा हो गए हैं, धार्मिक स्थलों की दान पेटियों में चले गए हैं या बाजार में उनका प्रवाह कम हो गया है। हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
दुकानदारों की मांग-
बैंकों द्वारा ₹5 और ₹10 के सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि रोज़मर्रा के छोटे लेन-देन में हो रही परेशानी खत्म हो सके।

















