सुमित राठौड़ @ झाबुआ। जिले के छोटे से गांव उमरकोट के होनहार युवा निशानेबाज युगप्रताप सिंह राठौड़ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और झाबुआ जिले का नाम रोशन किया है। जर्मनी के सुहल (Suhl) में आयोजित प्रतिष्ठित ISSF जूनियर वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में युगप्रताप ने कांस्य पदक जीतकर एक नया इतिहास रच दिया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और कड़ा रहा। शुरुआती 10 शॉट्स के बाद युगप्रताप शीर्ष स्थान पर बने हुए थे और स्वर्ण पदक के मजबूत दावेदार नजर आ रहे थे। हालांकि अंतिम चरण में कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने शानदार संयम और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और भारत के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया।
ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप को युवा निशानेबाजों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा मंच माना जाता है। इस प्रतियोगिता में पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि और भविष्य के ओलंपिक चैंपियन बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
उमरकोट निवासी युगप्रताप वर्तमान में इंदौर में रहकर अपनी पढ़ाई के साथ-साथ प्रोफेशनल शूटिंग प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले भी वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
युगप्रताप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे झाबुआ जिले में खुशी की लहर है। उनके परिजनों, मित्रों और जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। अब युगप्रताप का अगला लक्ष्य भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतना है।


















