राजगढ़। नगर की राजेंद्र कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चुरा ले गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी मनोज पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी राजेंद्र कॉलोनी, राजगढ़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 1 नवंबर की रात 12 बजे से सुबह 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर को सूना पाकर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर रखी तीन लकड़ी की अलमारियों के भी ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना में चोरों ने फरियादी के साथ-साथ उनकी बहन योगिता विश्वकर्मा के जेवर भी चुरा लिए।
बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए 15,500 रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स, सोने का पेंडल, गणेशजी का सोने का पेंडल और बच्चे के हाथ की सोने के मोतियों वाली पोची, तथा चांदी की पायल, चांदी का कड़ा, चांदी की चेन, गणेश-लक्ष्मी जी की चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, चांदी का नोट और चांदी के अन्य गहने ले गए। वारदात का पता चलने के बाद फरियादी ने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही बदमाशों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

















