थाना प्रभारी ने कहा – त्योहारों पर न करें भड़काऊ पोस्ट, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर होगी कार्रवाई
राजगढ़। आगामी मुहर्रम पर्व व अन्य पर्वो को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार मुकेश बामनिया मुख्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। तहसीलदार बामनिया ने जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं, जिससे क्षेत्र में शांति बनी रहे। थाना प्रभारी समीर पाटीदार की उपस्थिति में आयोजित बैठक में नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने मुहर्रम पर्व से जुड़ी परंपराओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने वाहनों में प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर से उत्पन्न तेज ध्वनि की समस्या उठाई। इस पर थाना प्रभारी ने बताया कि ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा अब तक कई वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा न करें। उन्होंने साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि व्हाट्सएप पर आने वाले अज्ञात लिंक को न खोलें, अन्यथा आर्थिक नुकसान हो सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले बस संचालकों एवं अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

















