नरेंद्र पँवार @ दसाई। सरदारपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत दसाई क्षेत्र क्रमांक-1 में रिक्त जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए उपचुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू हो चुकी है, जबकि मतदान 29 सितंबर को संपन्न होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) 16 सितंबर, नाम वापसी की अंतिम तिथि 18 सितंबर तथा मतदान 29 सितंबर को होगा।
दावेदारों के नामों पर मंथन जारी –
उपचुनाव की तारीखें तय होते ही क्षेत्र के दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। चुनावी मैदान में उतरने के लिए संभावित दावेदारों के रूप में मुकेश पटेल, विजय वालाशिवा, शांतिलाल खड़ी, कंवरलाल हिरातेजा, अनिल कानाभोपा, मनोज धनाजी, सुरेश नाथाजाडा, राजेश खड़ी और राजेश भूत के नाम प्रमुखता से चर्चा में चल रहे हैं।
इनमें राजेश खड़ी और राजेश भूत के नाम दोनों ही दलों के राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, पार्टियों द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद ही चुनावी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
तारीखों के ऐलान के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने मतदाताओं से सीधा संपर्क साधना शुरू कर दिया है। चौपालों और ग्रामीण बैठकों में चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं गरमाने लगी हैं।



















