राजगढ़। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में दिन-रात जुटे सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद राजगढ़ द्वारा निकाय सभागृह में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी सफाई मित्रों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ रक्तचाप (बीपी), शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें कीं। इस दौरान मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए जरूरतमंद कर्मचारियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
सीएमओ ज्योति सुनारिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सफाई मित्रों का स्वास्थ्य निकाय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे हर मौसम और विपरीत परिस्थितियों में शहर को स्वच्छ रखते हैं, इसलिए उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने सफाई मित्रों से कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों जैसे मास्क, ग्लव्स और गमबूट्स का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आग्रह किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. हसमत बक्स, डॉ. नीतू कोलारे, प्रमोद सोनी, बिना देवल और आशा कार्यकर्ता पूजा विरास ने सेवाएं दीं। इस दौरान निकाय के स्वच्छता नोडल व उपयंत्री रोहित परमार, रघुनाथ वसुनिया, अर्जुन चोयल, शंकर सिंह बारोड, देवेंद्र मालवीय सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं समस्त सफाई मित्र उपस्थित रहे।

















