राजगढ़। जनजाति गौरव दिवस के उपलक्ष्य में ‘जनजाति विकास मंच’ ब्लॉक सरदारपुर द्वारा गुरुवार को राजगढ़ में एक अधिकारी-कर्मचारी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न शासकीय विभागों के कुल 125 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
संगोष्ठी की अध्यक्षता डॉ. ममता दास ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेश डावर ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास गौरव, बलिदान और समृद्ध संस्कृति से भरा हुआ है। उन्होंने आह्वान किया कि हमें अपने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारते हुए समाज को शिक्षा, संस्कार और विकास की मुख्यधारा में आगे ले जाना है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि समाज के उत्थान में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष भूमिका और जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. ईश्वरसिंह डावर और जनजाति विकास मंच के जिला कार्य प्रमुख रामप्रकाश मछार ने भी उपस्थित जनों को संबोधित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जनजाति विकास मंच ब्लॉक सरदारपुर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।


















