सरदारपुर। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ सरदारपुर वन परिक्षेत्र की टीम को बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुर्लभ एवं संरक्षित प्रजाति के रेड सेंड बोआ (दोमुंहा सांप) को सुरक्षित बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांच में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के जुड़े होने की आशंका सामने आई है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि बदनावर क्षेत्र में दुर्लभ वन्यजीव की खरीद-फरोख्त की जा रही है। इसके बाद टीम ने कानवन क्षेत्र के समीप ग्राम दुधवाल निवासी कमल पिता विक्रम देवड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रेड सेंड बोआ को उज्जैन जिले के बड़नगर में एक रिश्तेदार के घर भूसे के ढेर के भीतर मटके में छिपाकर रखा है। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम बड़नगर पहुंची और बताए गए स्थान पर दबिश देकर रेड सेंड बोआ को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वन अधिकारियों के अनुसार रेड सेंड बोआ संरक्षित श्रेणी का वन्यजीव है और इसकी तस्करी गंभीर अपराध मानी जाती है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वन्यजीव को कहां से लाया गया और इसे किसे बेचने की तैयारी थी। वन विभाग का मानना है कि इस मामले में एक बड़े नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, इसलिए निगरानी बढ़ाई गई है।
रेड सेंड बोआ, जिसे आम बोलचाल में दोमुंहा सांप कहा जाता है, पूरी तरह गैर-विषैला होता है। यह खेतों में चूहों को नियंत्रित कर किसानों के लिए उपयोगी साबित होता है। बावजूद इसके अंधविश्वास और तांत्रिक मान्यताओं के कारण इसकी अवैध तस्करी लंबे समय से जारी है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों की तस्करी या अवैध कब्जे की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
यह पूरी कार्रवाई वन मंडल अधिकारी विजय आनंदम टीआर व एसडीओ सुनील सुलया के मार्गदर्शन में फॉरेस्ट रेंजर डॉ. शैलेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम में मनीष पाल राठौड़, प्रताप गोयल, पत्तल सिंह भारती, अर्जुन राठौड़ एवं बबलू रफीक शामिल रहें।

















