राजगढ। जिला कांग्रेस कमेटी धार द्वारा 9 एवं 10 जुलाई को मोहनखेड़ा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों नगर अध्यक्षो एवं मंडलम अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं बूथ स्तर तक प्रभावी बनाना है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने बताया कि शिविर में जिलेभर के लगभग 300 पदाधिकारियों के ठहरने, भोजन एवं प्रशिक्षण हेतु अत्याधुनिक प्रशिक्षण हॉल की समुचित व्यवस्था मोहनखेडा मे की गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं दिल्ली से लगभग 11 सदस्यीय प्रशिक्षण दल विभिन्न विषयों पर संगठनात्मक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रशिक्षण शिविर के मुख्य मार्गदर्शकों में प्रशिक्षण समिति के अध्यक्ष महेंद्र जोशी जी, सहित अन्य वरिष्ठ प्रशिक्षक शामिल रहेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं विधायकगण विशेष रूप से उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने, आगामी रणनीति एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।
शिविर का शुभारंभ सेवादल द्वारा भारत ध्वज वंदन, वंदे मातरम्, राष्ट्रगान तथा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ अतिथियों द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान संगठन, विचारधारा, जनसंपर्क, चुनाव प्रबंधन एवं कांग्रेस की नीतियों सहित विभिन्न विषयों पर बौद्धिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की समाप्ति के पश्चात कांग्रेस के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एक दिवसीय श्रमदान कर सामाजिक दायित्व एवं जनसेवा का संदेश भी देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों एवं आमंत्रित पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होने के लिए र्निदेशित किया गया है।

















