रिंगनोद। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से धार पुलिस द्वारा एक विशेष मुहिम की शुरुआत की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के कुशल निर्देशन में बुधवार 24 जून से जिला स्तरीय “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शंखनाद हुआ। यह अभियान आगामी 8 जुलाई तक लगातार चलाया जाएगा।
अभियान के प्रथम दिवस पर पुलिस चौकी रिंगनोद परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुलाब सिंह भयड़िया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस स्टाफ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया ने उपस्थित नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक तरीके समझाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी (OTP), या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। लॉटरी, वर्क फ्रॉम होम के नाम पर आने वाले फर्जी ऑफर्स और लोन ऐप्स के झांसे में न आएं। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना डरे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
चौकी प्रभारी भयड़िया ने बताया कि आज के दौर में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। धार पुलिस का उद्देश्य हर नागरिक को साइबर रूप से साक्षर और सुरक्षित बनाना है, ताकि कोई भी डिजिटल ठगी का शिकार न हो।

















