सरदारपुर। अमझेरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ सिर्फ सड़क पर खड़े होकर बारात देखने जैसी मामूली बात पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा। पीड़ित युवक ने किसी तरह भागकर सीधे पुलिस थाने के भीतर घुसकर अपनी जान बचाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। ग्राम खमालिया का रहने वाला 24 वर्षीय युवक विजय (पिता सीताराम) अमझेरा में पुलिस थाने के पीछे स्थित बस्ती की आंगनवाड़ी के पास खड़ा होकर वहां से गुजर रही एक बारात को देख रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक ही परिवार के कुछ लोगों ने विजय के सड़क पर खड़े होने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विजय ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर लाठी, डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए थाने में घुसा युवक –
हमले के दौरान खुद को घिरता देख विजय अपनी जान बचाने के लिए गांव की गलियों में दौड़ पड़ा। आरोपी इतने बेखौफ थे कि वे पत्थरों के साथ लगातार उसका पीछा करते रहे और कुछ लोग तो उसे मारते हुए थाने के गेट तक पहुंच गए। पीड़ित युवक ने बिना रुके सीधे अमझेरा पुलिस थाने के भीतर दौड़ लगा दी, जिससे उसकी जान बच सकी। मंगलवार सुबह से इस मारपीट का एक वीडियो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला और उसके परिवार के लोग युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं और युवक खुद को बचाने का प्रयास कर रहा है।
पुलिस ने मामला किया दर्ज –
अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस ने आरोपी राजा पिता पुनिया निवासी थाने के पिछे अमझेरा, कृष्णा निवासी दसई, मनीष निवासी सुनेडी, राहुल निवासी मनावर व सीमा पति मनीष भील सुनेडी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। युवक की रिपोर्ट पर पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 191(2), 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और घटनाक्रम को लेकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

















