सरदारपुर। खेल परिसर मैदान सरदारपुर में आयोजित विभागीय शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, मंडल अध्यक्ष ऊंकारलाल जाट, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र मंडलोई, वरिष्ठ नेता राजेंद्र गर्ग व नवीन बनिया, सेवानिवृत्त पीटीआई संजय दीक्षित तथा बीईओ विष्णु रघुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत पूर्व क्षेत्र के जनरल मैनेजर शिवकुमार मौर्य, पश्चिम क्षेत्र के जनरल मैनेजर शैलेंद्र पाल, दक्षिण क्षेत्र के जनरल मैनेजर विपिन वर्मा सहित नरेंद्र दांगी, हनीफ खान, लोकेंद्र गोस्वामी, राकेश बरेलिया, विजय व्यास, अमर परमार, लखन भाटिया एवं समस्त पीटीआई स्टाफ द्वारा किया गया।
पूर्व क्षेत्र बना ओवरऑल चैंपियन–
प्रतियोगिता के मुकाबलों में पूर्व क्षेत्र की टीमों का दबदबा रहा। बालक वर्ग में पूर्व क्षेत्र की टीम विजेता रही, जबकि दक्षिण क्षेत्र की टीम उपविजेता बनी। वही बालिका वर्ग में पूर्व क्षेत्र की टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया और दक्षिण क्षेत्र की टीम उपविजेता रही। विजेता टीमों के खिलाड़ी अब अगले स्तर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का संचालन अश्विनी दीक्षित ने किया तथा आभार शैलेंद्र पाल ने व्यक्त किया।


















