सरदारपुर – राजोद में शादी के नाम पर सवा 4 लाख रुपये की ठगी, उज्जैन में रचाई शादी, 8 दिन बाद फरार हुई लुटेरी दुल्हन, पुलिस ने 4 लोगों पर दर्ज किया प्रकरण

सरदारपुर। ग्राम राजोद से लुटेरी दुल्‍हन का मामला सामने आया हैं, किसान परिवार लंबे समय से शादी के लिए परेशान हो रहा था। पूजा-अर्चना करते हुए मन्नत भी ली थी, किंतु कोई लड़की नहीं मिलने पर एक बिचौलिये से संपर्क किया। परिचित युवक ने इसी बात का फायदा उठाकर खरगोन की एक युवती से शादी करवाने के एवज में 4 लाख 25 हजार रुपये की मांग रखी। परिवार ने रुपए दिए, इसके बाद उज्जैन में शादी हुई। परिवार खुश होकर गांव लौट आया, पग फेरे की रस्म के बाद मायके से दुल्हन पुन नहीं लौटी। युवक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी लगी व पुलिस को सूचना दी। अब पूरे मामले की जांच में राजोद थाना पुलिस टीम जुट गई है।

यह था मामला –
ग्राम राजोद निवासी दिनेश पिता गोपाल उम्र 32 साल की शादी नहीं हो रही थी, परिवार ने बिचौलिये उमेश पिता हीरालाल मारु निवासी बरमंडल से संपर्क किया। आरोपी उमेश ने कुछ लड़कियों के फोटो रिश्ते के लिए बताए। जनवरी माह में आरोपी उमेश ने खरगोन की अनिता से बातचीत करवाई, अनीता पहले से तलाकशुदा होने की बात आरोपी ने बताई थी। परिवार की सहमति के बाद सबसे पहले खरगोन में ही आरोपियों ने पीड़ित से शपथ पत्र पर लिखा-पढ़ी की। विश्वास करके पीड़ित ने 4 लाख 25 हजार रुपए दिए।

उज्जैन में मंदिर में की शादी –
16 जनवरी को आरोपी पक्ष व पीडित परिवार उज्जैन पहुंचा। उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर में दिनेश की शादी अनिता निवासी उमरखाली खरगोन के साथ संपन्न हुई। शादी के बाद अनिता आठ दिनों तक दिनेश के घर राजोद में पत्नी बनकर रही। आठ दिन बीतने के बाद साजिश के तहत अन्य आरोपी भूरीबाई (अनिता की मां) और रवि बरोर राजोद पहुंचे। उन्होंने पग फेरे की रस्म का बहाना बनाया और अनिता को अपने साथ ले गए। उसके बाद से न तो अनिता वापस आई और न ही आरोपियों का कोई सुराग मिला।

काफी तलाश करने के बाद जब ठगी का अहसास हुआ तो पीड़ित ने राजोद थाने पर शिकायत दर्ज कराई। राजोद पुलिस ने मामले में अनिता पिता पांड्या, भूरीबाई पति पांड्या निवासी उमरखाली गोगाँव खरगोन, रवि बरोर निवासी डालकी नवाड खरगोन, उमेश पिता हिरालाल मारू निवासी ग्राम बरमण्डल सरदारपुर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

राजोद थाना प्रभारी रामसिंह राठौर ने बताया कि पीडित परिवार थाने पहुंचा था, शपथ पत्र सहित कुछ फोटो भी शादी के बताए। इसी आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई हैं, आरोपियों की गिरफतारी को लेकर एक टीम गठित की गई है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!