राजगढ़। पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारो आरोपी चार पहिया वाहन किराए पर लेते थे तथा वापस ना करते हुए अमानत में खयानत करते थे। पुलिस को लंबे समय से इनके विरुद्ध शिकायते प्राप्त हो रही। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारो आरोपियो को गिरफ्तार किया हैं।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि धार एसपी मयंक अवस्थी व एएसपी पारुल बेलापुरकर के निर्देश पर तथा सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अमानत में खयानत करने के 3 मामलों में फरार चल रहे आरोपी शैलेन्द्र पिता देवेंद्र सिंह ठाकुर उम्र 52 साल निवासी पटेल कॉलोनी सरदारपुर हाल मुकाम मालवीय नगर इंदौर, मनोज पिता मानसिह ठाकुर निवासी सरदारपुर, धीरज पिता राधेश्याम प्रजापत उम्र 21 साल निवासी कुम्हारगड्ढा धार व जीतू पिता बंसीलाल तिवारी उम्र 38 साल निवासी प्रेस्टिज कॉलोनी पीथमपुर को गिरफ़्तार किया गया। आरोपियो से 2 अर्टिगा कार व 1 होंडा अमेज कार जप्त की हैं। चारो आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजा हैं।
इन मामलों में फरार थे आरोपी –
थाना प्रभारी पाटीदार ने बताया कि फरियादी हरिओम निवासी पिपरनी द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी अर्टिगा कार क्रमांक MP 09 CW 1707 को आरोपी धीरज प्रजापत द्वारा दिनांक 2 दिसंबर 2025 को 25 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया गया था। आरोपी द्वारा बैंक किश्त एवं किराया राशि जमा नहीं की गई तथा वाहन वापस न कर बेईमानीपूर्वक खुर्द-बुर्द कर दिया। वही फरियादी बाबुदास निवासी बसंत विहार कॉलोनी राजगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि, उसकी होंडा अमेज कार क्रमांक MP 09 CW 2776 को आरोपी शैलेन्द्र ठाकुर ने दिनांक 22 सितंबर 2023 को किराये पर ली थी। कुछ समय किश्त राशि जमा करने के पश्चात आरोपी द्वारा किराया एवं किश्त देना बंद कर दिया गया तथा वाहन बेच देने की बात कहकर वाहन वापस नहीं किया।
इसी प्रकार फरियादी राजु निवासी झिनटोडी राजगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि, उसकी अर्टिगा कार क्रमांक MP 45 C 2865 को आरोपी शैलेन्द्र ठाकुर एवं सह आरोपी मनोज ठाकुर द्वारा दिनांक 7 फरवरी 2025 को 30 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया गया था। प्रारंभ में किराया देने के पश्चात आरोपियों द्वारा किराया देना बंद कर वाहन वापस करने से इंकार कर दिया गया तथा वाहन खुर्द-बुर्द कर दिया गया। तीनो मामलों में आरोपियो के विरुद्ध अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं लगातार तलाश के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने की लोगो से अपील –
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपना वाहन किराये पर देने से पहले वैधानिक अनुबंध एवं पहचान सत्यापन अवश्य करें। ताकि धोखाधड़ी होने से बचा जा सकें।
उक्त कार्यवाही में राजगढ़ थाने के सहायक उप निरीक्षक सुनिल राजपूत, नरेश कोठे, सैय्यद अहमद, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा व प्रकाश वसुनिया, आरक्षक जयेन्द्र सिंह जादौन, अमित बामनिया, दिलीप डुडवे तथा मुकेश परमार की भुमिका रही है। पुलिस टीम को एसपी मयंक अवस्थी ने उचित ईनाम देने की घोषणा की है।

















