सरदारपुर – BSNL ने केबल डालने के सड़क के साइड शोल्डर पर की खुदाई, वाहन चालक परेशान, सरदारपुर-भैसोला मार्ग पर सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर की जा रही खुदाई

सरदारपुर। सरदारपुर – भैसोला मार्ग पर ग्राम राजोद और संदला के बीच इन दिनों सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यहां बीएसएनएल कंपनी द्वारा टू-लेन सड़क के बिल्कुल पास में सड़क के साइड शोल्डर को खोदकर केबल लाइन डाली जा रही है, लेकिन मौके पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, कई दिनों से यह कार्य जारी है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क के बेहद करीब की गई खुदाई के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक यहां संतुलन बिगड़ने से बाल-बाल बच चुके हैं। खुदाई के चलते सड़क की साइड पटरी (शोल्डर) भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों को भी भारी परेशानी –
इसी मार्ग पर ग्राम सारोटी में स्थित पटेल वेयरहाउस पर इन दिनों गेहूं की तुलाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से यहां पहुंच रहे हैं, लेकिन खराब सड़क और चल रहे कार्य के कारण उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम जैसी स्थिति बन रही है और हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।

नाला बंद, बारिश में बढ़ेगी समस्या-
निर्माण कार्य के दौरान मार्ग के पास स्थित पुलिया के एक नाला (ड्रेनेज) को भी बंद कर दिया गया है। इससे पानी निकासी बाधित होंगी। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर स्थिति बन सकती है, जिससे सड़क पर पानी भर जाएगा और आवागमन प्रभावित होगा।

कुछ माह पूर्व पाइप लाइन के लिए भी की थी खुदाई-
उक्त मार्ग पर माही डेम से भैसोला पीएम मेगा पार्क के लिए जा रही पेयजल पाइपलाइन के लिए भी खुदाई की गई थी। जिसमें भी सड़क के साइड शोल्डर खराब हो गए थे।
यह सड़क गुजरात से राजस्थान को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर बाहरी वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। भारी वाहनों के दबाव और अव्यवस्थित निर्माण कार्य के चलते सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे में यहां हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग –
ग्रामीणों ने कहा कि यह टू-लेन सड़क एमपीआरडीसी विभाग के अधीन आती है। टोल कंपनी बड़ी मात्रा में टोल वसूल रही हैं। इसके बावजूद बिना सुरक्षा व्यवस्था के खुदाई की जा रही है, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग और संकेतक लगाने की मांग की है।

अधिकारी ने नहीं उठाया फोन –
मामले को लेकर एमपीआरडीसी विभाग के अधिकारी प्रदीप चौहान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, बंद नाले को चालू कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!