राजगढ़। सद्भावना मंच राजगढ – सरदारपुर द्वारा 9वीं माही झिरनेश्वर शिव कावड़ यात्रा इस वर्ष श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार, 24 अगस्त को सुबह 9 बजे मालीपुरा स्थित मनसा महादेव मंदिर राजगढ से निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। सद्भावना मंच द्वारा यात्रा की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं।
इसी क्रम में शनिवार को नगर परिषद सभाकक्ष में मंच के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में यात्रा को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों ने सुझाव दिए, जिन पर चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंच संरक्षक एवं विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि कावड़ यात्रा नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए मंच के पदाधिकारियों को यात्रा की तैयारियों को समय रहते मूर्त रूप देना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मंच के पत्रकार प्रभुसिंह रेवर ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि मंच के पदाधिकारी नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर समाजजनों एवं वार्डवासियों की बैठक लेकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को कावड़ यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे। आयोजित बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश जायसवाल, उपाध्यक्ष दीपक जैन, पार्षद प्रतिनिधि निलेश सिंगार, भारत सिंगार, पार्षद राजेश गुड़िया, राजेंद्र लोहार, भानुप्रताप सिंह राठौर, पंकज राठौर, संदीप बारोड़, हिम्मतसिंह रेवर, हटेसिंह बारोड़, प्रवीण रेवर, राकेश बामणिया, शंकर मामा आदि उपस्थित रहे।



















