राजगढ़। नगर और आसपास के क्षेत्र में आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरदारपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने की। बैठक में गणेशोत्सव, तेजाजी दशमी, ढोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी और श्रीमद्भागवत कथा समापन जुलूस सहित अन्य प्रमुख पर्वों की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ ने बैठक में कहा कि सभी नागरिक आगामी त्योहार संयम और सौहार्द के साथ मनाएं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी गणेश पांडालों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने 26 सितंबर को निकलने वाली भागवत कथा समापन धर्म यात्रा के रूट की समीक्षा की और विभिन्न गणेशोत्सव समितियों से व्यवस्थाओं को लेकर सीधा संवाद किया। वही एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने आयोजकों को सख्त निर्देश दिए कि पांडालों में अश्लील व फूहड़ गीत कतई न बजाए जाएं। पांडालों और जुलूस के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि आमजन के आवागमन में बाधा न पहुंचे। उन्होंने भरोसा जताया कि राजगढ़ की परंपरा के अनुसार इस बार भी सभी पर्व आपसी भाईचारे के साथ संपन्न होंगे।
स्थानीय समस्याओं पर भी हुई चर्चा –
बैठक के दौरान उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही और नगर परिषद से संबंधित सफाई व्यवस्था की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में उपनिरीक्षक निहालसिंह दंडोतिया, नगर परिषद से रघुनाथ वसुनिया, विभिन्न आयोजन समितियों के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और पत्रकारगण उपस्थित रहे।


















