नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल : सरदारपुर में एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सरदारपुर। नगर परिषद सरदारपुर-राजगढ़ के सफाई कर्मचारी ‘वाल्मीकि सेना मार्शल कौम’ के आह्वान पर अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

सोमवार को सरदारपुर और राजगढ़ के सफाई कर्मचारी समाजजनों के साथ सरदारपुर स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से महिला एवं पुरुष कर्मचारी हाथों में तख्तियां और झाड़ू लेकर नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में निकले। रैली आंबेडकर चौराहा होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि नगर पालिका निगमों एवं नगर परिषदों में 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को विनियमित किया जाए तथा विनियमित कर्मचारियों को स्थायी (नियमित) किया जाए। सफाई व्यवस्था में आउटसोर्स (ठेका) प्रथा को तुरंत बंद किया जाए। मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित कर्मचारियों, सेवाकाल के दौरान मृत कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। विनियमित कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये का एकमुश्त भुगतान किया जाए। ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर मस्टर व विनियमित कर्मचारियों के परिजनों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाए। दीपावली के त्योहार को देखते हुए सभी कर्मचारियों को एक माह का अंतरिम वेतन बोनस के रूप में प्रदान किया जाए।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं समाजजन मौजूद रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!