राजगढ़। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को सफाई कार्य बंद रखते हुए रैली निकाली और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारी यूनियन संघर्ष मोर्चा एवं वाल्मीकि सेना के बैनर तले बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी सुबह से ही काम से दूर रहे। सुबह 11 बजे पालिका परिसर से रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए न्यू बस स्टैंड पहुंची। यहां रैली का समापन किया गया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
हड़ताल का सीधा असर नगर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई दिया। सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं आने के साथ नगर में कचरा संग्रहण करने वाले वाहन भी नहीं निकल सके। इसके चलते घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था प्रभावित रही और कई नगरवासियों को कचरा घरों में ही रखना पड़ा। हालांकि कुछ स्थानों पर लोग कचरा खुले प्लॉटों में फेंकते हुए भी दिखाई दिए। वहीं सफाई कर्मचारियों के नहीं आने से नगर के प्रमुख मार्गों पर भी जगह-जगह कचरा दिखाई दिया। इससे हड़ताल के पहले ही दिन नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती नजर आई।
रैली के दौरान कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए चल रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों का निराकरण नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। ज्ञापन में नगर पालिका, नगर निगम एवं नगर परिषदों में 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को विनियमित करने तथा विनियमित कर्मचारियों को स्थायी यानी नियमित करने की मांग की गई है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था में लागू आउटसोर्सिंग एवं ठेका प्रथा तत्काल बंद करने की मांग रखी गई।
कर्मचारियों ने मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित कर्मचारियों, सेवाकाल के दौरान मृत कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग भी की है। विनियमित कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपए की एकमुश्त राशि देने तथा ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर मस्टर एवं विनियमित कर्मचारियों के परिजनों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की मांग रखी गई।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए सभी कर्मचारियों को एक माह का अंतरिम वेतन बोनस के रूप में देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।


















