सरदारपुर। धार जिले में अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सरदारपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ग्राम खमालिया में गन्ने की फसल की आड़ में छिपाई गई अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए 240 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 385.100 किलोग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 62 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से 58 वर्षीय खेत मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश, एएसपी विजय डावर, एएसपी पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। 29 अक्टूबर को एएसआई मनीष परमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खमालिया निवासी तोलाराम पिता नंदराम पटलिया, अपने खेत में गन्ने की आड़ में गांजा उगा रहा है।
पटवारी और पंचों की मौजूदगी में दबिश –
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हल्का पटवारी, कोटवार और स्वतंत्र पंच साक्षियों को साथ लेकर खेत पर छापा मारा। तलाशी के दौरान गन्ने के पौधों के बीच गांजे के पौधे लहलहाते मिले। खेत पर मौजूद तोलाराम ने जमीन अपने कब्जे में होना स्वीकार किया। इसके बाद मजदूरों की मदद से 240 पौधे उखड़वाकर 12 बोरों में सील किए गए। फोरेंसिक जांच के लिए खेत और पौधों की जड़ों की मिट्टी के नमूने भी लिए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज –
पुलिस ने आरोपी तोलाराम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह माल किसे सप्लाई करने वाला था।
उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक जगदीशचन्द्र निनामा, एएसआई मनीष परमार, प्रधान आरक्षक कैलाश कटारे, रामकृष्ण गामड़, गज्जुलाल वसुनिया, मोहनसिंह गामड़, सरदारसिंह डोडवे तथा आरक्षक रामगोपाल बैरागी, विजेन्द्र डामोर, मनोज मुजाल्दे, राजेश मेहरा, दिनेश सैनानी और सौरभ मोरे की भूमिका रही हैं।


















