राजगढ़। किसानों की लंबित मांगों का निराकरण न होने और प्रशासनिक रवैये से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने गुरुवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन शुरू किया। यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी अन्य किसानों के साथ हाथ और पैरों में लोहे की जंजीरें (बेड़ियां) डालकर राजगढ़ से धार के लिए पैदल यात्रा पर निकल पड़े हैं।
दरअसल भारतीय किसान यूनियन ने पूर्व में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर ‘जल सत्याग्रह’ किया था। उस समय एसडीएम और नर्मदा-माही लिंक परियोजना के अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था। यूनियन का आरोप है कि अधिकारियों ने वादा खिलाफी की और अब तक किसी भी मांग का समाधान नहीं किया गया।
इससे आक्रोशित होकर किसानों ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय परिसर में धरना शुरू किया। किसान नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने अनुमति न होने का हवाला देकर उन्हें धरने से हटने और कार्रवाई करने की धमकी दी। इसके विरोध में किसानों ने जंजीरें पहनकर पदयात्रा शुरू करने का निर्णय लिया।

कलेक्टर कार्यालय पर देंगे धरना, भोपाल कूच की भी चेतावनी –
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी ने बताया कि हमने नर्मदा-माही लिंक परियोजना का पानी तय किए गए 66 गांवों को तत्काल उपलब्ध कराया जाने, परियोजना से छूटे हुए शेष गांवों को भी इसमें जोड़ा जाने, पूरे धार जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने व किसानों से ऋण वसूली पर रोक लगाई जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि 66 गांवों में पानी नहीं पहुंचने से किसानों की फसलें सूखने लगी हैं।प्रशासन के दबाव और कार्रवाई की धमकी के विरोध में हमने शरीर पर लोहे की बेड़ियां डालकर धार तक पैदल मार्च शुरू किया है। हम शुक्रवार सुबह धार पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय पर धरना देंगे। यदि वहां भी हमारी सुनवाई नहीं हुई, तो हम भोपाल तक पैदल यात्रा करेंगे।


















