रिंगनोद। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी ग्राम रिंगनोद में हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा को ग्रामोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर हिन्दू उत्सव समिति एवं सर्व समाज रिंगनोद द्वारा विभिन्न धार्मिक व सामाजिक आयोजन होंगे। इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
हिन्दु उत्सव समिती के अध्यक्ष मदन चोयल ने बताया की ग्रामोत्सव आयोजन के तहत 19 मार्च गुड़ी पड़वा विक्रम संवत 2083 हिन्दू नववर्ष पर प्रातः 7 बजे रिंगनोद के सभी मंदिरों में धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान सामुहिक सूर्य अर्घ्य देकर आतिशबाजी कर नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। सभी मंदिरों में सामूहिक आरती के बाद नीम मिश्री व नीम के रस का पान प्रसादी स्वरूप होगा। इसी दिन हिन्दू नववर्ष शोभायात्रा का आयोजन भी होगा। जिसमें समस्त ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा पहनकर सहपरिवार शामिल होंगे। शोभायात्रा शाम 4 बजे योगमाया मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए नागेश्वरी माता मंदिर पहुचेंगी। यहां शाम 6 बजे महाआरती के पश्चात नगर सहभोज का आयोजन होगा। जिसमें हजारों ग्रामीण भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
मां-बेटी सम्मेलन भी होगा आयोजित –
मातृशक्ति मंडल संयोजिका बसंती रामचंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया की नववर्ष के मौके पर रिंगनोद में मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन मातृशक्ति मंडल रिंगनोद के तत्वावधान में होगा। हिन्दू परिवारों में संस्कारों व परंपराओ को दृढ़ करने तथा हिन्दू समाज की चुनौतियों से अवगत करवाने के लिए 19 मार्च को दोपहर 2.30 बजे रिंगनोद के योगमाया धर्मशाला में मां-बेटी सम्मेलन होगा। सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धर्मजागरण की प्रांत मातृशक्ति प्रमुख प्रोफेसर अर्चना कर्णावट इंदौर संबोधित करेंगी। मां-बेटी सम्मेलन को लेकर मातृशक्ति मंडल द्वारा तैयारियां की जा रही है तथा घर-घर पहुंचकर सम्मेलन में मां-बेटियों के शामिल होने का आग्रह किया जा रहा हैं।


















