राजगढ़। सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए इंडियन वुमेन क्लब, राजगढ़ की सदस्यों ने बाग स्थित महारानी दुर्गावती कन्या वनवासी छात्रावास पहुँचकर छात्राओं के साथ आत्मीय समय बिताया।
क्लब सदस्यों ने छात्राओं की दैनिक आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें कपड़े, सैनिटरी पैड्स, वाटर कैन सहित अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की। इस दौरान छात्राओं के साथ खुलकर बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और जरूरतों के बारे में जानकारी भी ली गई।
छात्राओं के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए क्लब की ओर से पेस्ट्री और चॉकलेट भी वितरित की गईं। छात्राओं ने सभी सदस्यों का मंगल गान गाकर स्वागत किया और भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। क्लब सदस्यों ने पूरे दिन छात्राओं के साथ स्नेह और अपनत्व के साथ समय बिताया।
क्लब अध्यक्ष अलका जैन ने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ समय बिताना और उनकी छोटी-छोटी जरूरतों में सहयोग करना ही हमारे क्लब का मुख्य सामाजिक उद्देश्य है। यह सिर्फ सामग्री बाँटना नहीं, बल्कि बेटियों को यह एहसास दिलाना है कि पूरा समाज उनके साथ है।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष अलका जैन के साथ रागिनी तोमर, हबीबा बोहरा, प्रीति जैन, नीता मूणत, लीना जैन, रितिका जैन, शुभी जैन, एकता जैन, दिव्या जैन सहित क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।


















