सरदारपुर। धार जिले में इस वर्ष अल्पवर्षा के चलते गहराते कृषि संकट को लेकर सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से धार जिले को तत्काल सूखाग्रस्त (अल्पवर्षा प्रभावित) क्षेत्र घोषित करने और किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। जिले में बारिश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। 10 सितंबर तक जिले में मात्र लगभग 16 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक लगभग 30 इंच वर्षा हो चुकी थी, जबकि जिले की सामान्य औसत वर्षा लगभग 33 इंच है। इस वर्ष सामान्य औसत की तुलना में करीब 17 इंच कम बारिश हुई है।
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पर्याप्त बारिश न होने से खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर हैं, जिससे किसानों की लागत और मेहनत दोनों पर संकट खड़ा हो गया है। इसका सीधा असर कृषि उत्पादन, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि हजारों अन्नदाताओं की आजीविका का सवाल है। सरकार को कागजी दावों से इतर जमीनी हकीकत को समझना होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि जिले में बारिश की कमी का तत्काल संज्ञान लेकर सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाए। फसलों के नुकसान का त्वरित सर्वे करवाकर उचित मुआवजा तय हो तथा किसानों और पशुपालकों के लिए शीघ्र विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए।
विधायक ग्रेवाल ने स्पष्ट किया कि संकट के इस दौर में किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को समय रहते ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि किसानों को आर्थिक बर्बादी से बचाया जा सके।



















