राजगढ़। नगर में सरदारपुर रोड स्थित दो ऑनलाइन सेंटरों में दीवार तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को राजगढ़ थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कंप्यूटर स्क्रीन और फिंगरप्रिंट मशीन बरामद कर ली गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि 4 अक्टूबर की दरमियानी रात सरदारपुर रोड स्थित दो ऑनलाइन सेंटरों में अज्ञात बदमाशों ने दुकानों के पीछे से सेंधमारी कर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य सामग्री पार कर दी थी।
मामले में एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी सतपाल पिता रामा सिकलीगर काना पिता शंकर राठौड़ तथा प्रवीण पिता लाला सभी निवासी संजय कॉलोनी राजगढ़ से कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने ऑनलाइन सेंटर में सेंधमारी कर चोरी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई कंप्यूटर स्क्रीन और फिंगरप्रिंट स्कैनर मशीन जब्त कर ली है। मामले का त्वरित खुलासा करने में प्रधान आरक्षक आसिफ शेख, आरक्षक दिलीप डुडवे, अंकित रघुवंशी तथा अजीत गुर्जर की भूमिका रही हैं।


















