राजगढ़। नगर के शंकरपुरा क्षेत्र में हुई महिला के हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया हैं।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि राजगढ़ नगर के शंकरपुरा निवासी कमलेश पिता नानूराम खराड़ी ने मंगलवार को अपनी पत्नी हिना खराड़ी की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को घर में रखी बिस्तर पेटी में छिपा दिया और स्वयं उसी के ऊपर सो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पत्नी के चरित्र पर संदेह और अवैध संबंधों की आशंका के चलते हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक जूली अमलियार व निहाल सिंह दंडोतिया, सहायक उप निरीक्षक सुनील राजपूत, जितेन शाकला, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा, आसिफ शेख, आरक्षक दिलीप डुडवे, अंकित रघुवंशी, अमर चौधरी एवं सैनिक रतन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















